दक्षिण कोरिया के डेजॉन शहर में शुक्रवार दोपहर एक ऑटो पार्ट्स बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक कम से कम 53 लोगों के घायल होने की खबर है, जिनमें से 24 की हालत गंभीर बताई जा रही है. शहर के अग्निशमन प्रमुख नाम डुक-वू ने चेतावनी दी कि कई लोग अभी भी कारखाने के अंदर फंसे हो सकते हैं, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
फैक्ट्री से भारी धुआं निकल रहा था
आग लगने की घटना दोपहर करीब 1:17 बजे की बताई गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फैक्ट्री परिसर से अचानक विस्फोट की आवाज सुनी गई और जल्द ही पूरी इमारत काले और भूरे धुएं के घने बादल में घिर गई। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर काम कर रहे मजदूरों को बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिला. सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में फैक्ट्री से निकलता भयानक धुआं मीलों दूर से देखा जा सकता है.
लोग अपनी जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूद गए
फायर चीफ के मुताबिक स्थिति इतनी भयावह थी कि कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए जलती हुई इमारत की ऊपरी मंजिल से नीचे कूद गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. फैक्ट्री में फैले जहरीले धुएं के कारण कई अन्य लोग दम घुटने से बेहोश हो गए। फिलहाल अधिकारी उन 14 लोगों की तलाश कर रहे हैं जो आग लगने के वक्त फैक्ट्री के अंदर मौजूद थे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया है.
घटनास्थल पर 250 से ज्यादा दमकलकर्मी
आग के कारण फैक्ट्री की एक मुख्य इमारत पूरी तरह नष्ट हो गई है और यह कभी भी ढह सकती है. इस खतरे के कारण अग्निशमन कर्मी इमारत में प्रवेश नहीं कर सके। फिलहाल घटनास्थल पर 250 से अधिक अग्निशामक और 100 से अधिक आपातकालीन वाहन तैनात हैं। उनका मुख्य ध्यान आग को पड़ोस की अन्य फैक्ट्रियों में फैलने से रोकना और परिसर से खतरनाक रसायनों को सुरक्षित रूप से हटाना है।
यह भी पढ़ें: बच्चों की पढ़ाई से लेकर ऑफिस के खाने तक, जानिए 1 अप्रैल से बदल जाएंगे ये नियम