![]()
नेपाल में आम चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है. इन चुनावों पर दुनिया भर के कई देशों की नजर है, क्योंकि सितंबर 2025 में युवाओं के हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद ये पहले आम चुनाव हैं। तब तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की सरकार गिर गई थी। ओली के इस्तीफे के बाद नेपाल की पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की की अध्यक्षता वाली अंतरिम सरकार बनी, जो अब चुनाव करा रही है। इस चुनाव में काठमांडू के पूर्व मेयर बालेन शाह, केपी शर्मा ओली और गगन थापा को प्रधानमंत्री पद के लिए प्रमुख दावेदार माना जा रहा है. 24 घंटे में नतीजा सामने आ जाएगा. चुनाव में कुल 65 राजनीतिक दल मैदान में हैं. मतदान खत्म होते ही वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी. उम्मीद है कि अगले 24 घंटों के भीतर नतीजे सामने आ जाएंगे। मतदान 5 मार्च को सुबह 7 बजे (भारतीय समयानुसार 6:45 बजे) शुरू हुआ। देशभर के 23 हजार से ज्यादा मतदान केंद्रों पर शाम 5 बजे तक वोटिंग जारी रहेगी. चुनाव के लिए करीब 1.9 करोड़ मतदाताओं ने पंजीकरण कराया है. इनमें से करीब 8 लाख युवा पहली बार वोट करेंगे. नेपाल में मतदान की न्यूनतम आयु 18 वर्ष है। नवंबर 2022 में पिछले संसदीय चुनावों की तुलना में इस बार लगभग दस लाख अधिक मतदाता पंजीकृत हुए हैं। युवा आंदोलन के बाद राजनीति में लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है. नेपाल में कैसे होती है वोटिंग? नेपाल में 2015 से मिश्रित चुनावी प्रणाली है। इसके तहत, संसद की कुल 275 सीटों में से 165 सांसद सीधे लोगों द्वारा चुने जाते हैं। यानी इन सीटों पर लोग वोट देकर अपने क्षेत्र के उम्मीदवार को चुनते हैं. शेष 110 सीटें आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली से भरी जाती हैं। इसमें राजनीतिक दलों को देशभर में मिलने वाले वोटों के प्रतिशत के अनुपात में संसद में सीटें मिलती हैं और पार्टियां अपने सांसदों को नामांकित करती हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, बालेन शाह और गगन थापा के बीच मुकाबला इस चुनाव के जरिए काठमांडू में प्रभाव जमाने की होड़ है। भारत और चीन के बीच फंसे नेपाल में अमेरिका भी अपना प्रभाव बढ़ा रहा है। माना जाता है कि भारत नहीं चाहता कि ओली दोबारा प्रधानमंत्री बनें। जेनजेड आंदोलन के बाद से ओली की लोकप्रियता में गिरावट आई है। इस चुनाव में उनकी पार्टी सीपीएन-यूएमएल को ज्यादा सीटें मिलती नहीं दिख रही हैं. अगर ओली की पार्टी खराब प्रदर्शन करती है तो प्रधानमंत्री पद के लिए सीधा मुकाबला नेपाली कांग्रेस के गगन थापा और राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के बालेन शाह के बीच हो सकता है. नेपाली कांग्रेस के भारत के साथ लंबे और अच्छे संबंध हैं। पार्टी नेपाल-चीन व्यापार संबंधों, खासकर बीआरआई परियोजनाओं को लेकर सतर्क रहती है। यही वजह है कि ये पार्टी अमेरिका और पश्चिमी देशों को भी पसंद आती है. जबकि बालेन शाह के साथ काम करना थोड़ा मुश्किल हो सकता है, क्योंकि उन्हें अधिक भावुक और अप्रत्याशित नेता माना जाता है। भारत की नाराजगी का एक और कारण यह था कि जब शाह काठमांडू के मेयर थे, तो उन्होंने अपने कार्यालय में ‘ग्रेटर नेपाल’ का नक्शा लगाया था। उन्होंने कुछ भारतीय फिल्मों पर प्रतिबंध लगाने की भी कोशिश की। शाह ने खुद को ऐसे नेता के तौर पर पेश किया है जो किसी देश के प्रभाव में नहीं है. तभी उन्होंने चीन जाने का निमंत्रण ठुकरा दिया। हालाँकि, जिस राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी से वे जुड़े हैं, उसे भारत के करीब माना जाता है।
Source link
नेपाल में आम चुनाव के लिए मतदान शुरू: 275 सीटों पर मतदान, गगन थापा-बालेन शाह और केपी शर्मा ओली के बीच मुकाबला