अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वैश्विक राजनीति के सभी नियमों को धता बताते हुए एक बेहद चौंकाने वाला दावा किया है. ईरान और ग्रीनलैंड पर बयानों के बाद अब ट्रंप ने खुद को वेनेजुएला का कार्यवाहक राष्ट्रपति घोषित कर दुनिया में सनसनी फैला दी है.
सोशल मीडिया पर तहलका
ट्रंप ने अपने प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक संपादित विकिपीडिया पेज के जरिए एक तस्वीर साझा की, जिसमें उन्हें वेनेजुएला के वर्तमान राष्ट्रपति के रूप में दिखाया गया है। यह तस्वीर उनके जनवरी 2026 तक के कार्यकाल को दिखाती है। यह पोस्ट ऐसे समय में आई है जब ट्रम्प वेनेजुएला के विशाल तेल भंडार पर नियंत्रण हासिल करने के लिए तेल कंपनियों के साथ सक्रिय रूप से बैठक कर रहे हैं।
तख्तापलट और सैन्य अभियान
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब अमेरिका ने वेनेजुएला के खिलाफ सैन्य अभियान चलाया और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के बाद ट्रंप ने साफ कर दिया है कि जब तक वेनेजुएला में सुरक्षित और समझदारी से सत्ता परिवर्तन नहीं हो जाता, तब तक अमेरिका वहां की सरकार संभालेगा.
वैश्विक प्रभाव और तेल की राजनीति
ट्रंप के इस कदम को वेनेजुएला के प्राकृतिक संसाधनों, खासकर कच्चे तेल पर अमेरिकी प्रभुत्व स्थापित करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। जहां एक ओर वह ईरान के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं और दूसरी ओर ग्रीनलैंड खरीदने की इच्छा व्यक्त कर रहे हैं, वहीं वेनेजुएला पर सीधे शासन की उनकी घोषणा ने लोकतंत्र और अंतरराष्ट्रीय संप्रभुता पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।