मेक्सिको के सबसे कुख्यात और शक्तिशाली ड्रग कार्टेल ‘जलिस्को न्यू जेनरेशन’ (सीजेएनजी) के प्रमुख नेमेसियो ओसेगुएरा उर्फ ’एल मेनचो’ की मौत ने पश्चिमी गोलार्ध में सनसनी फैला दी है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रतिक्रिया ने इस ऑपरेशन के पीछे की उलझनें बढ़ा दी हैं.
ऑपरेशन का अंत और एल मेनचो
मैक्सिकन रक्षा मंत्रालय के अनुसार, रविवार को जलिस्को राज्य के तापल्पा क्षेत्र में एक टॉप-सीक्रेट और हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों और कार्टेल सदस्यों के बीच भीषण गोलीबारी हुई। जिसमें एल मेनचो गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई. इस ऑपरेशन में कार्टेल के चार अन्य सदस्य भी मारे गए।
ट्रंप की रहस्यमयी प्रतिक्रिया
एल मेनचो की मौत के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक अजीब पोस्ट किया. उन्होंने लिखा, ”हम इतना जीत रहे हैं, ये उचित नहीं है.” इस एक पंक्ति के संदेश ने अटकलों को हवा दे दी है कि क्या ऑपरेशन में अमेरिकी विशेष बलों या खुफिया विभाग की प्रत्यक्ष भूमिका थी। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बाद में पुष्टि की कि अमेरिका ने मिशन के लिए महत्वपूर्ण खुफिया जानकारी प्रदान की थी।
मेक्सिको में युद्ध की स्थिति
एल मेनचो की मौत का बदला लेने के लिए, उसके कार्टेल के सदस्यों ने मेक्सिको के कई राज्यों को आतंकित किया है। ग्वाडलाजारा और प्यूर्टो वालार्टा जैसे शहरों में वाहनों में आग लगा दी गई और सड़कें अवरुद्ध कर दी गईं। हिंसा इस हद तक बढ़ गई है कि स्कूल और बाज़ार बंद कर दिए गए हैं और यात्री हवाई अड्डों पर फंसे हुए हैं।