अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच कड़वाहट भरा रिश्ता अब खूनी मोड़ पर पहुंच गया है. हाल ही में काबुल में हुए भीषण हवाई हमले ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया है. अफगानिस्तान का दावा है कि पाकिस्तानी वायुसेना ने काबुल के एक अस्पताल को निशाना बनाया है, जिसमें करीब 400 लोग मारे गए हैं.
तालिबान का दावा है कि अस्पताल पर बमबारी की गई
अफगान स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि काबुल में एक अस्पताल, जो मुख्य रूप से ड्रग पुनर्वास केंद्र (नशा मुक्ति केंद्र) के रूप में संचालित होता था, पर बमबारी की गई। इस हमले में 400 लोगों की मौत हो गई है और 250 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. पूर्व अफगान नेता अब्दुल्ला ने इस घटना को अंतरराष्ट्रीय कानून का घोर उल्लंघन बताते हुए पाकिस्तान की कड़ी निंदा की है।
पाकिस्तान ने हमले से इनकार किया है
उधर, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के इन सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के प्रवक्ता मुशर्रफ जैदी और सूचना मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि उनके हमले बेहद सटीक थे. पाकिस्तान के मुताबिक, उन्होंने सिर्फ आतंकी ढांचों और सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया है. यह कार्रवाई पाकिस्तान के इस आरोप के जवाब में की गई कि अफगानिस्तान की धरती से पाकिस्तान विरोधी आतंकवादी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं.
बढ़ते टकराव का माहौल
सिर्फ काबुल में ही नहीं, बल्कि सीमावर्ती इलाकों में भी हालात तनावपूर्ण हैं. खबरों के मुताबिक, सीमा पर गोलीबारी में दो मासूम बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई है. फरवरी के अंत में शुरू हुई झड़पें अब तीसरे सप्ताह में प्रवेश कर गई हैं, जो क्षेत्रीय अस्थिरता का संकेत है।
यह भी पढ़ें: ईरान अब सिर्फ कागजी शेर है, हमने 7,000 से अधिक स्थानों पर हमला किया: डोनाल्ड ट्रंप