मध्य पूर्व में हालात नियंत्रण से बाहर होते जा रहे हैं. रविवार को ईरान के सर्वोच्च नेता सैय्यद अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की आधिकारिक पुष्टि के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई में पूरे इलाके को आग में झोंक दिया है. ईरान के मिसाइल हमलों और अमेरिकी जवाबी कार्रवाई के कारण पश्चिम एशिया अब धधकती भट्टी बन गया है।
ईरान का जबरदस्त मिसाइल हमला
अपने सर्वोच्च नेता की मौत से सदमे में आए ईरान ने रविवार को बेहद आक्रामक रुख अपनाया. ईरानी सेना ने न केवल अमेरिकी सैन्य ठिकानों, बल्कि आर्थिक केंद्रों को भी निशाना बनाया है। दुबई एयरपोर्ट और दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा पर हमले की खबरों ने दुनिया को चौंका दिया है। बहरीन और कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर भी शक्तिशाली हमले किए गए हैं। तनाव के कारण अबू धाबी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को सोमवार तक पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।
ट्रंप की सख्त चेतावनी
ईरान के हमलों से बौखलाए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को एक और बड़ी चेतावनी दी. उन्होंने दो टूक कहा, “हम ईरान पर ऐसा हमला करेंगे जो इतिहास में कभी नहीं देखा गया।” इस चेतावनी के कुछ ही घंटों के भीतर अमेरिकी वायुसेना ने तेहरान पर एक और बड़ा हमला कर दिया. तेहरान के कई संवेदनशील इलाके भीषण विस्फोटों से दहल गए हैं, जिससे ईरानी प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
दोहा में लगातार हवाई हमले के सायरन बजते रहे
एक तरफ खामेनेई के शोक में तेहरान से लेकर बगदाद तक लाखों लोग काले कपड़े पहनकर सड़कों पर उतर आए हैं तो दूसरी तरफ कतर की राजधानी दोहा में लगातार हवाई हमले के सायरन बज रहे हैं. लोग अपनी जान बचाने के लिए बंकरों की ओर भाग रहे हैं. ईरान इस समय इज़राइल और मध्य पूर्व में सभी अमेरिकी हितों पर हमला कर रहा है।
यह भी पढ़ें: ईरान इजराइल युद्ध: इतिहास के वो ताकतवर नेता जिन्होंने युद्ध में गंवाई अपनी जान