पश्चिम एशिया में संघर्ष की आग अब इराक तक पहुंच गई है. अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से जारी ताजा एडवाइजरी में कहा गया है कि ईरान समर्थित आतंकवादी समूह इराक में अमेरिकी नागरिकों और अमेरिका से जुड़े रणनीतिक ठिकानों को निशाना बना रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए अमेरिका ने अपने नागरिकों को बिना किसी देरी के तुरंत इराक छोड़ने की सख्त सलाह दी है।
इराकी हवाई क्षेत्र इस समय बेहद असुरक्षित है
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, खतरा केवल बगदाद तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इराकी कुर्दिस्तान क्षेत्र में भी अमेरिकी हितों पर व्यापक हमले हो रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर की गई एक पोस्ट में साफ कहा गया है कि इराकी हवाई क्षेत्र इस समय बेहद असुरक्षित है। यहां मिसाइलों, रॉकेटों और आत्मघाती ड्रोन हमलों की काफी संभावना है, जिससे यात्रा जोखिम भरी हो जाती है।
यात्रा पर प्रतिबंध लगाया गया
बढ़ते खतरे के कारण बगदाद में अमेरिकी दूतावास और एरबिल में महावाणिज्य दूतावास में सभी नियमित कांसुलर और वीजा सेवाएं फिलहाल निलंबित हैं। अमेरिकी नागरिकों को चेतावनी दी गई है कि वे दूतावास तक पहुंचने का प्रयास भी न करें, क्योंकि रास्ते में या यात्रा के दौरान हमले हो सकते हैं। आपातकालीन स्थिति में केवल ईमेल के माध्यम से ही संपर्क करें।
अमेरिका ने नागरिकों के लिए जारी किया ‘ग्लोबल अलर्ट’
अमेरिका ने इराक के अलावा दुनिया भर में, खासकर पश्चिम एशिया में अपने नागरिकों के लिए ‘ग्लोबल अलर्ट’ जारी किया है। चूंकि ईरान समर्थक समूहों द्वारा अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाने की गतिविधियां तेज हो गई हैं, इसलिए विदेशों में नागरिकों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने और स्थानीय दूतावासों द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया जाता है। बार-बार हवाई क्षेत्र बंद होने से अंतरराष्ट्रीय यात्रा भी प्रभावित हो सकती है, जिसके लिए तैयार रहने की सलाह दी जाती है।
यह भी पढ़ें: टेक्सास में वलेरो तेल रिफाइनरी में भीषण विस्फोट, आसमान में दिखा काले धुएं का गुबार!