ईरान में हालात बेहद गंभीर हो गए हैं. अमेरिका के साथ बढ़ते राजनीतिक और सैन्य तनाव के बीच ईरानी सरकार ने देश के पूरे हवाई क्षेत्र को तुरंत बंद करने का फैसला किया है। इस फैसले से अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा पर व्यापक असर पड़ रहा है. भारत की प्रमुख एयरलाइंस एयर इंडिया और इंडिगो ने भी यात्रियों के लिए यात्रा सलाह जारी की है।
एयर इंडिया का बयान
एयर इंडिया ने अपने बयान में कहा है कि ईरान का हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण उसकी कई उड़ानों को वैकल्पिक मार्गों पर संचालित करना पड़ रहा है. जिससे यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ सकता है. एयरलाइन के मुताबिक, कुछ उड़ानें ऐसे रूट पर हैं जहां डायवर्जन संभव नहीं है, इसलिए उन उड़ानों को भी रद्द कर दिया गया है. एयर इंडिया ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे हवाई अड्डे पर जाने से पहले आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर उड़ान की स्थिति की जांच करें।
इंडिगो की यात्रा सलाह
उधर, इंडिगो ने भी ट्रैवल एडवाइजरी जारी कर कहा है कि ईरानी हवाई क्षेत्र बंद होने से कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। यह स्थिति एयरलाइन के नियंत्रण से बाहर है. इंडिगो ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है और सहयोग की अपील की है.
ईरान के अंदर भी हालात चिंताजनक हैं
ईरान के अंदर भी हालात चिंताजनक हैं. कई प्रांतों में आग और झड़प की घटनाओं के साथ, पूरे देश में व्यापक हिंसा फैल गई है। विरोध प्रदर्शनों को दबाने के लिए खामनेई सरकार की ओर से सख्त कदम उठाए जा रहे हैं. जानकारी के मुताबिक अब तक 3,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और यह संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. इस पूरी स्थिति को देखते हुए हवाई यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे सतर्क रहें और अपनी यात्रा योजना बनाने से पहले एयरलाइन के निर्देशों का पालन करें।